हर घर जल पहुंचाने काम 2024 तक पूरा कर लेंगे
रुड़की।
आईआईटी के जल संसाधन विकास एवं प्रबन्धन विभाग की ओर से पेयजल एवं स्वच्छता- वर्तमान स्थिति एवं भविष्य की चुनौतियां विषय पर कार्यशाला हुई। जल शक्ति मंत्रालय की सचिव विनी महाजन उदघाटन समारोह की मुख्य अतिथि रहीं। सचिव विनि महाजन ने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान के दूसरे चरण के अंतर्गत वर्ष 2019 में प्रधानमंत्री ने जल जीवन मिशन अभियान की घोषणा की। इसके तहत देश के हर घर नल लगाए जाने की योजना पर कार्य शुरू हुआ। पांच वर्षों के लक्ष्य के सापेक्ष अब तक इस योजना के तहत 50 प्रतिशत से अधिक ग्रामीण परिवारों को पानी कनेक्शन मिल चुके हैं। उम्मीद है कि 2024 तक हर घर जल पहुंचाने का कार्य पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह खुशी की बात है कि आईआईटी रुड़की ने पेयजल और स्वच्छता पर एमटेक कोर्स शुरू किया है। जो सीधे तौर पर देशवासियों विशेषकर ग्रामीण भारत की बुनियादी जरूरतों से जुड़ा है। आईआईटी के निदेशक प्रो. एके चतुर्वेदी ने बताया कि इस कार्यशाला की थीम पेयजल और स्वच्छता पर हाल ही में शुरू किए गए एमटेक डिग्री प्रोग्राम के अनुरूप है। जो देश में अपनी तरह का पहला कार्यक्रम है। इस दौरान प्रो. वीपी सिंह, प्रो. आशीष पांडेय, प्रो. बसंत यादव आदि मौजूद रहे।
