पुलिस पर शराब तस्करों संग मिलीभगत का आरोप
चम्पावत
बमनपुरी ग्राम प्रधान भावना नेगी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेज गांव में कच्ची शराब की तस्करी पर लगाम लगाने की अपील की है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस की मिलीभगत से शराब तस्करों का कारोबार खूब फल-फूल रहा है। ग्राम प्रधान ने कहा कि हुड्डी नदी के पार ऊधमसिंह नगर के पंथागोठ में कच्ची शराब की तस्करी जोरों पर है। बमनपुरी गांव से सटा होने से यहां के लोगों को आए दिन कच्ची शराब सप्लाई हो रही है। शराब पीकर गांव के लोग परिवार से मारपीट करते हैं। यहां तक कि पैसे न होने पर घर का सामान तक बेचने लगे हैं। उन्होंने कहा कि विरोध करने पर गांव की महिलाओं संग अभद्रता की गई और कई महिलाओं के साथ मारपीट की गई। शिकायत लेकर चकरपुर पुलिस के पास वह लोग गए लेकिन पुलिस कोई सुनवाई नहीं करती। ग्रामीणों ने पुलिस पर शराब तस्करी में लिप्त होने का आरोप लगाया है। उन्होंने सीएम से मामले में हस्तक्षेप कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
