बुजुर्ग महिला को मारने की जांच रेगुलर पुलिस को हस्तांतरित करने को डीएम को पत्र भेजा

पौड़ी

तहसील क्षेत्र के एक ग्राम पंचायत में बुजुर्ग महिला को जान से मारने की कोशिश के मामले को रेगुलर पुलिस को हस्तांतरित करने के लिए राजस्व पुलिस ने डीएम को पत्र भेजा है। इस मामले में बुजुर्ग महिला के बेटे की तहरीर पर राजस्व पुलिस ने आरोपी, उसकी पत्नी व दो ब‌ेटियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। तहसील पौड़ी के ग्राम पंचायत बेडगांव में अकेले रहने वाली 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला गुड्डी देवी से बीती 10 अगस्त की रात को एक परिवार के सदस्यों ने जबरन घर में घुसकर मारपीट की थी। बुजुर्ग गुड्डी देवी के तीन बेटे हैं, जो दिल्ली रहते हैं। ग्रामीणों द्वारा घटना की सूचना के बाद बेटे गांव पहुंचे। बुजुर्ग महिला को उपचार के लिए पहले सीएचसी घंडियाल में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल पौड़ी और उसके बाद मेडिकल कालेज श्रीनगर रेफर किया गया। बुजुर्ग महिला के बेटे अनिल कुमार ने मामले की शिकायत राजस्व पुलिस से की थी। क्षेत्र के राजस्व उप निरीक्षक विपिन कुमार ने बताया कि बुजुर्ग महिला के बेटे की तहरीर पर जबरन घर में घुसकर मारपीट करने के आरोपी प्रेम प्रकाश, पत्नी मंजू देवी व उनकी दो बेटियों के खिलाफ जान से मारने की कोशिश, लूटपाट, छेड़छाड़ सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर ली गई है। बताया कि मामला रेगुलर पुलिस को हस्तांतरित करने के लिए डीएम को पत्र भेजा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *