ट्रंचिंग ग्राउंड के लिए बजट जारी कराने का मुद्दा सांसद से उठाया

ऋषिकेश

ऋषिकेश के ट्रंचिंग ग्राउंड में कूड़ा निस्तारण प्लांट बंद होने से क्षेत्रवासी परेशान हैं। शनिवार को मेयर अनिता ममगाईं ने हरिद्वार सांसद से प्लांट के लिए बजट अवमुक्त कराने की गुहार लगाई। शनिवार को मेयर अनिता ममगाईं के नेतृत्व में पार्षदों के एक प्रतिनिधिमंडल ने देहरादून में सांसद डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक से मुलाकात की। उन्होंने सांसद को ज्ञापन भी सौंपा। मेयर ने कहा कि ऋषिकेश-हरिद्वार मार्ग पर स्थित ट्रंचिंग ग्राउंड में कूड़ा निस्तारण का बजट अवमुक्त ना होने की वजह से यहां स्थापित किया गया प्लांट ठप हो गया है। इससे एक बार फिर से ट्रंचिंग ग्राऊंड में कूड़े के बड़े-बड़े ढेर खड़े होने शुरू हो गए हैं। जबकि कूड़ा निस्तारण के लिए शुरू किए गए प्लांट के बाद चालीस फीसदी तक कूड़े का निस्तारण हो गया था। ट्रंचिंग ग्राउंड गंगा से महज पचास मीटर की दूरी पर स्थित है, जिसकी वजह से बारिश होते ही ट्रंचिंग ग्राउंड की गंदगी गंगा में मिलने के साथ शहर के प्रमुख और व्यस्ततम मार्ग हरिद्वार रोड पर बहना शुरू हो जाती है। इससे यातायात व्यवस्था भी बुरी तरह से बाधित हो जाती है। इस गंभीर समस्या की वजह से हजारों लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। सांसद डा. रमेश पोखरियाल निशंक ने आश्वासन दिया कि समस्या के जल्द निस्तारण कराने की वह हर मुमकिन कोशिश करेंगे। मौके पर पार्षद विपिन पंत, अनीता रैना, विजय बडोनी, राजेंद्र बिष्ट, मनीष बनवाल, प्रियंका यादव, प्रमोद शर्मा, कमला गुनसोला, कमलेश जैन आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *