महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए मथेऊ गांव में प्रशिक्षण सेंटर शुरू

विकासनगर। भारत भूमि ट्रस्ट नई दिल्ली और हेस्को संस्था की ओर से महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए मथेऊ गांव में प्रशिक्षण सेंटर शुरू किया गया है। सेंटर में महिलाओं निशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। पहले दिन 27 महिलाओं ने प्रशिक्षण लेना शुरू कर दिया है। हेस्को संस्था की डा. किरन नेगी ने कहा कि ग्रामीण महिलाएं अक्सर घर परिवार के कामकाज तक ही सीमित रहती हैं। जबकि महिलाएं घर पर रहकर ही स्वरोजगार कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं का आर्थिक तौर पर भी आत्मनिर्भर होना जरूरी है। आत्मनिर्भर महिला अपनी जरूरतों के लिए दूसरे पर निर्भर नहीं रहती है। इसके साथ ही वह परिवार की आर्थिक जरूरतों को पूरा करने में भी अपना सहयोग देती है। कहा कि महिला और पुरुष दोनों के ही आत्मनिर्भर होने से गांव आत्मनिर्भर बनेंगे। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण पूरा होने के बाद महिलाओं को स्वरोजगार शुरू करने में भी सहायता दी जाएगी। मथेऊ के प्रशिक्षण केंद्र में महिलाओं को सिलाई, कढ़ाई, बुनाई का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस दौरान प्रशिक्षक प्रीति चौहान, सुरमा, विनीता, करिश्मा, मनीषा, रेखा, कविता, विकास, निमी जोशी, तान्या, साक्षी आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *