भू-कटाव से शूनीर गांव के ग्रामीण चिंतित
विकासनगर। तहसील क्षेत्र अंतर्गत शूनीर गांव में हो रहे भू स्खलन से ग्रामीण चिंतित हैं। ग्रामीणों ने भूमि संरक्षण और कृषि विभाग को ज्ञापन प्रेषित कर रोकथाम का उपाय करने की मांग की है। ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया कि शूनीर गांव तीन खड्डों के बीच बसा हुआ है। बरसात में गांव के दोनों तरफ कृषि भूमि और आवासीय मकानों की ओर भूस्खलन से लगातार कटाव हो रहा है। जिससे खेती जमीन को भारी नुकसान पहुंच रहा है। प्रधान सीता ने बताया कि सिंचाई विभाग, भूमि संरक्षण विभाग, कृषि विभाग, तहसील प्रशासन को कई बार इस गंभीर समस्या से अवगत कराया गया। लेकिन गांव और खेती बाड़ी की जमीन की सुरक्षा के कोई कारगर उपाय नहीं किए जा रहे हैं। ग्रामीण हरि सिंह रावत, जबर,सिंह, भगतराम, सुपाराम, सबला, पतीराम, साइबू, सरजीत, जगत, नरेश, जगदीश, मानदास, कर्म दास, मदन ने जिला कृषि भूमि संरक्षण अधिकारी को ज्ञापन प्रेषित कर गांव में जल्द सुरक्षा उपाय कराए जाने की मांग की है। उधर, एडीओ कृषि सारून हसन ने बताया कि शूनीर गांव के लिए बाढ़ नियंत्रण सुरक्षा का प्रस्ताव बनाकर मुख्यालय भेजा गया है।
