19वें दिन भी जारी रहा युवा न्याय संघर्ष समिति का धरना
ऋषिकेश। युवा न्याय संघर्ष समिति का धरना मंगलवार को 19वें दिन भी जारी रहा। प्रदर्शनकारियों ने अंकिता हत्याकांड की सीबीआई जांच करवाने और दोषियों को फांसी दिलाने की मांग की। उन्होंने प्रशासन पर उपेक्षा का आरोप लगाया है। मंगलवार को कोयलघाटी में युवा न्याय संघर्ष समिति का धरना 19वें दिन भी जारी रहा। धरने के दौरान समिति सदस्यों ने प्रेस वार्ता की। समिति की सदस्य प्रमिला रावत ने कहा कि समिति के प्रतिनिधिमंडल ने बीते सोमवार की शाम डीजीपी अशोक कुमार एवं एसआईटी चीफ पी रेणुका देवी से अंकिता हत्याकांड के बारे में चल रही जांच के सिलसिले में मुलाकात की। लेकिन पुलिस अफसर उनके सवालों का संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। समिति के मीडिया प्रभारी संजय सिलस्वाल और संयोजक दीपक जाटव ने कहा कि अंकिता हत्याकांड के दौरान चर्चा में आए वीआईपी गेस्ट के नामों का खुलासा पुलिस नहीं कर रही है। पुलिस अफसर भी इस सवाल को टाल रहे हैं। समिति सदस्य हिमांशु रावत ने कहा कि अंकिता भंडारी के पोस्टमार्टम में महिला डॉक्टर के न होने से भी सवाल उठ रहे हैं। आरोप लगाया कि सरकार इस मामले में दोषियों को बचाने का कार्य कर रही है। जल्द से जल्द यह जांच सीबीआई को सौंपी जाए, ताकि अंकिता भंडारी व उनके माता-पिता को न्याय मिल सके। मौके पर रामेश्वरी चौहान, लक्ष्मी बुडाकोटी, विक्रम भण्डारी, शकुन्तला रावत, प्रवीण जाटव, श्लोका भट्ट, प्रभा, नैथानी, सुभाग, राधा तिवारी, अनीता वर्तमान, भगवती देवी चमोली, रामेश्वर चौहान, शकुंतला रावत, लक्ष्मी कठेत, युद्धवीर सिंह चौहान, पितांबर दत्त बुड़ाकोटी, लक्ष्मी बुड़ाकोटी, विमला, श्रुति देवी, राजेश शर्मा, रविंद्र कौर, सरोजनी थपलियाल, प्रमिला रावत, जयेंद्र रमोला, मदन सिंह राणा आदि उपस्थित रहे।
