भोजनमाताओं ने की 15 हजार रू० मानदेय की मांग

पिथौरागढ़। भोजन माता संगठन ने भोजनमाताओं को 15हजार मानदेय दिए जाने की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में शीघ्र ही एक शिष्टमंडल देहरादून जाकर मुख्यमंत्री से भी वार्ता करेगा। रविवार को नगर के रामलीला मैदान में जिलाध्यक्ष जानकी भंडारी की अध्यक्षता में बैठक हुई। इस दौरान उन्होंने विभिन्न समस्याओं को लेकर चर्चा की। अध्यक्ष भंडारी और सचिव सुनीता जोशी कहा कि जिले में कई भोजनमाताएं ऐसी हैं जिनकी आर्थिक स्थिति सही नहीं है। विद्यालय से मिलने वाले मानदेय से ही वे अपने परिवार का भरण-पोषण करती हैं। महंगाई के इस दौर में अल्प मानदेय में उनके लिए घर चलाना मुश्किल हो गया है। ऐसे में शासन-प्रशासन को मानदेय में वृद्धि करनी चाहिए, ताकि भोजनमाताओं को राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि जनपद में तेरह सौ भोजन माताओं ने संगठन की सदस्यता ली है। शीघ्र ही एक सम्मेलन भी किया जाएगा। मुख्यमंत्री को भी इसके लिए आमंत्रित किया जाएगा। बैठक में उपाध्यक्ष रेनू भंडारी, मूनाकोट ब्लॉक अध्यक्ष चंद्रकला, सरोज, हेमा, भागीरथी, कमला, अंजू, पार्वती, लक्ष्मी, दीपा, जानकी सहित कई भोजन माता मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *