किसानों से किया फसल का बीमा कराने का आहवान

 

रुडकी। कृषि विभाग प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के रथ के साथ गांव-गांव जाकर किसानों को योजना की जानकारी देने के साथ ही उन्हें अपनी रबी की फसल का बीमा कराने के लिए प्रेरित कर रहा है। शनिवार को रथ ने लक्सर के करीब तीस गांवों का भ्रमण किया। रविवार को रथ खानपुर के देहात क्षेत्र में रहेगा।

बीडीओ पवन सैनी और लक्सर कृषि यूनिट प्रभारी शेरपाल सिंह ने शनिवार को हरी झंडी दिखाकर प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के रथ को देहात के लिए रवाना किया। उन्होंने बताया कि यह योजना 2016 से चल रही है। पर, अभी भी बहुत कम किसान फसल का बीमा करा रहे हैं। रथ से किसानों को इसकी जानकारी देकर उन्हें अपनी रबी की फसल का बीमा कराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसके बाद रथ लक्सर के शेखपुरी, अकौढा कलां, खेड़ी, बीजोपुरा, खड़ंजा, मुंडाखेड़ा कलां, मुंडाखेड़ा खुर्द, खेड़ी खुर्द, अकौढा खुर्द, जैतपुर, अकबरपुर ऊद, नगला खिताब, फतेहपुर जुनार, पीपली, रायसी और केहड़ा समेत 40 गांवों में घुमाया गया।

रथ के साथ मौजूद फसल बीमा करने वाली एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी ऑफ इंडिया के कर्मचारी दीपक कुमार, सुनील कश्यप, शिवचरण और आशुतोष अग्निहोत्री ने किसानों को योजना के फायदे गिनाकर फसल बीमा कराने का सुझाव दिया। बताया कि किसान 1287 रुपये प्रति हेक्टेटर का प्रीमियम देगा। फसल नष्ट होने पर कंपनी उसे अधिकतम 85800 रुपये प्रति हेक्टेटर का क्लेम देगी। आज रथ खानपुर के गांवों का भ्रमण करेगा। लक्सर से रथ रवाना करने के मौके पर एडीओ अरुण गैरोला, गोरख सिंह, समय सिंह, राजकुमार आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *