आईटीआई में प्रशिक्षण की गुणवत्ता सुधारने को टाटा स्ट्राइव और सीमेंस लिमिटेड में करार


 

देहरादून। कौशल विकास विभाग ने आईटीआई को लेकर टाटा स्ट्राइव और सीमेंस लिमिटेड के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर किए। सर्वे चौक स्थित परियोजना कार्यालय के सभागार में देहरादून, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिले के 12 राजकीय आईटीआई में प्रशिक्षण की गुणवत्ता सुधारने के लिए करार हुआ। कौशल विकास एवं सेवायोजन के सचिव विजय कुमार यादव ने कहा कि इन संस्थानों में इलेक्ट्रिक कार, इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक, फीटर, मैकेनिक मोटर व्हीकल, रेफ्रिजरेशन एंड एयर कंडिशनिंग और वेल्डर व्यवसाय के छात्रों को इसका लाभ मिलेगा। प्रशिक्षणार्थियों को रोजगार के अधिक मौके मिलें, इसके लिए स्किल पर जोर दिया जाएगा। नवीनतम तकनीक को जानने के लिए उनकी इंडस्ट्री में ट्रेनिंग कराना जरूरी है। इसी दिशा में लगातार विभाग प्रयास कर रहा है। प्रशिक्षण निदेशक विनोद गोस्वामी ने बताया कि प्रदेश में 104 आईटीआई संचालित हो रही हैं। विभाग का प्रयास इन आईटीआई में गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण प्रदान करना है। टाटा स्ट्राइव के साथ इस करार से विभाग पर वित्तीय भार नहीं आएगा। संयुक्त निदेशक गढवाल मंडल अनिल सिंह, उपनिदेशक प्रशिक्षण पंकज कुमार, टाटा स्ट्राइव से कुमार मनीष और प्रशांत सिंह नेगी, सीमेंस लिमिटेड की ओर से मनमोहन सिंह कोरंगा उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *