कृषि क्रय केंद्र खोलने की मांग
विकासनगर। जौनसार बावर के किसानों ने क्षेत्र में कृषि क्रय केंद्र खोलने की मांग की है। किसानों का कहना है कि क्षेत्र में क्रय केंद्र नहीं होने के कारण किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए विकासनगर, देहरादून, सहारनपुर की मंडियों में जाना पड़ता है। किसानों ने इस आशय का ज्ञापन मंगलवार को मुख्यमंत्री को प्रेषित किया। ज्ञापन में किसानों ने बताया जौनसार बावर में बड़ी मात्रा में नगदी फसलों का उत्पादन होता है। नगदी फसलें ही जनजाति क्षेत्र की आर्थिकी का मुख्य स्रोत हैं। किसान आलू, गोभी, टमाटर, अदरक, अरबी, आलूबुखारा, सेब, आड़ू, पुलम, खुमानी, चुलू, नाशपाती का उत्पादन करते हैं। इसके साथ ही परंपरागत फसलों का उत्पादन भी होता है। कई बार मांग करने के बावजूद क्षेत्र में कहीं भी क्रय केंद्र नहीं खोला गया, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान भी होता है। बताया कि क्रय केंद्र खोलने से क्षेत्र के सभी किसानों को लाभ मिलेगा। ज्ञापन भेजने वालों में सरदार सिंह, दौलत सिंह, अमर सिंह, नैन सिंह, सबल सिंह, भगत सिंह, बलराम, संतराम, अभिजीत, राम सिंह, रणवीर रावत, युद्धवीर शर्मा, शेर सिंह आदि शामिल रहे।
