साहिया में छात्रों को मिलेगी आधुनिक प्रयोगशाला की सुविधा

विकासनगर। अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज साहिया में उत्तराखंड शिक्षा एवं अनुसंधान केंद्र (यूसर्क), सूचना एवं विज्ञान प्रौद्योगिकी विभाग की ओर से निर्मित साइंस, टेक्नोलॉजी, इंजीनियरिंग एवं गणित प्रयोगशाला का मंगलवार को उद्घाटन किया गया। प्रयोगशाला में छात्र-छात्राओं को आधुनिक उपकरणों से प्रयोगात्मक कार्य करने की सुविधा मिलेगी। प्रयोगशाला के उद्घाटन पर बतौर मुख्य अतिथि शिरकत रहीं जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों को प्रदेश सरकार और सरकार के संस्थान पर्याप्त संसाधन मुहैया करा रहे हैं। प्रदेश सरकार जल्द ही अटल उत्कृष्ट विद्यालयों में शिक्षकों के रिक्त पदों पर नियुक्ति कर रही है। उन्होंने कहा कि सभी सरकारी विद्यालयों में पर्याप्त संसाधन मुहैया कराए जाएंगे। जिला योजना के तहत भी संसाधन दिए जा रहे हैं। यूसर्क की निदेशक प्रो. अनीता रावत ने कहा कि दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों में प्रयोगशाला संबंधी आधुनिक उपकरण मुहैया कराए जा रहे हैं। कहा कि छात्रों की जिज्ञासाओं को पूरा करने के लिए विद्यालयों में उत्तराखंड साइंस एजुकेशन रिसर्च सेंटर की प्रयोगशालाएं स्थापित की जा रही हैं। अब तक सभी तेरह जनपदों में 28 प्रयोगशालाएं खोली जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि प्रयोगशाला में मौजूद उपकरण छात्रों की वैज्ञानिक सोच को आगे बढ़ाने के साथ ही उनमें शोध की प्रवृत्ति को पैदा करेंगे। इस दौरान प्रो. ओमप्रकाश नौटियाल, प्रो. जेएमएस राणा, कृष्णा तोमर, प्रधानाचार्य जसवंत सिंह बंगारी, पीटीए अध्यक्ष अनिल तोमर आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *