ब्रिटिश कालीन फायर लाइन को तलाशे अफसर

पौड़ी। वनाग्नि की रोकथाम को लेकर जिला प्रशासन अभी से सतर्क हो गया है। वनाग्नि रोकथाम की बैठक में डीएम ने वन विभाग के अफसरों को ब्रिटिश कालीन फायर लाइन को तलाशने के निर्देश दिए। बुधवार को आयोजित वनाग्नि रोकथाम की बैठक में डीएम डा.आशीष चौहान ने कहा कि आगामी फायर सीजन में वनाग्नि की घटनाओं को कम करने के लिए मिशन मोड पर कार्य करने की आवश्यकता है। वन्य जीव-जन्तु और वनस्पतियों की सुरक्षा से जुड़े इस महत्वपूर्ण कार्य में अधिकारियों की सक्रियता के साथ-साथ जन-सहभागिता भी आवश्यक है। डीएम ने वन विभाग, पुलिस महकमे व आपदा कंट्रोल रूम में आपसी समन्वय को बेहतर करने के निर्देश दिए। कहा कि आगामी फायर सीजन में जीरो कैजुअल्टी के साथ आग लगने की घटनाओं पर काबू पाने के लिए युद्ध स्तर पर कार्य करें। बैठक में डीएम ने सभी एसडीएम को वनाग्नि की रोकथाम को लेकर आगामी एक सप्ताह के भीतर ब्लाक स्तर पर बैठक करने के निर्देश दिए। कहा कि समृद्ध जैव विविधता वाले क्षेत्रों का चयन करते हुए उन स्थानों को आग से बचाने के लिए ठोस रुपरेखा तैयार बनाई जाए। बैठक में एसएसपी श्वेता चौबे, मुख्य विकास अधिकारी अपूर्वा पांडेय, डीएफओ पौड़ी वन प्रभाग मुकेश कुमार, एसडीएम सतपुली संदीप कुमार, मुख्य कृषि अधिकारी अमरेंद्र चौधरी, एसडीओ वन विभाग सुधीर, रेंजर ललित मोहन नेगी आदि शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *