गन्ना भुगतान को लेकर कांग्रेस करेगी धरना प्रदर्शन
रुड़की। कांग्रेस की ओर से इकबालपुर शुगर मिल में मंगलवार को गन्ना भुगतान को लेकर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। झबरेड़ा से कांग्रेस विधायक वीरेंद्र जाती ने बताया कि इकबालपुर शुगर मिल पर किसानों का करोड़ों रुपये बकाया चल रहा है। दो सत्रों का लगभग 130 करोड़ रुपये गन्ने का भुगतान नहीं किया गया है। इस चालू सत्र का भी करोड़ों रुपया बकाया चल रहा है। मिल प्रबंधन किसानों तथा शासन-प्रशासन के साथ कई बार गन्ना भुगतान करने का वादा कर चुका है लेकिन हर बार अपने किए वादे से मुकर जाता है। गन्ना भुगतान नहीं होने से किसानों की आर्थिक हालत खराब होती जा रही है गन्ना भुगतान को लेकर कांग्रेस की ओर से मंगलवार को मिल परिसर में धरना प्रदर्शन किया जाएगा। धरना प्रदर्शन में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह भी शामिल होंगे।
