केएमवीएन कर्मचारियों को वेतन वृद्धि का तोहफा

नैनीताल। कुमाऊं मंडल विकास निगम के एमडी ने संविदा कर्मचारियों के वेतन वृद्धि पर सहमति प्रदान की है। बुधवार को कर्मचारी संघ व एमडी के बीच हुई वार्ता में तय किया गया कि वेतन वृद्धि का विषय निदेशक मंडल की बैठक में रखा जाएगा। 2008 तक के संविदा कर्मचारियों को सातवें वेतनमान के तहत बढ़ोतरी मिलेगी। संयुक्त कर्मचारी महासंघ कुमाऊं मंडल विकास निगम के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश गुरुरानी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल प्रबंध निदेशक डॉ. संदीप तिवारी, महाप्रबंधक एपी बाजपेई से मिला। जिसमें संविदा कर्मचारियों के प्रकरण पर चर्चा की गई। जानकारी देते हुए अध्यक्ष दिनेश गुरुरानी ने कहा कि एमडी की ओर से वेतन वृद्धि के मुद्दे पर सकारात्मक निर्णय लिया गया है। जिससे कर्मचारियों में काफी खुशी है। बताया कि वर्ष 2009 से वर्ष 2018 तक तृतीय श्रेणी और चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों का क्रमशः 16,000 व 14,000, वर्ष 2019 से 2022 तक के कर्मचारियों को 10,500 व 12,500 नियत वेतन देने पर सहमति बनी है। इससे संविदा कर्मचारियों को वेतन में एक से लेकर छह हजार रुपये तक की वृद्धि होगी। प्रस्ताव शीघ्र ही निदेशक मंडल की बैठक में रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे पहले कभी इतना अधिक वेतन बढ़ाने का प्रस्ताव नहीं दिया गया है। उन्होंने इस निर्णय को कर्मचारी हित में बताते हुए प्रबंधन का आभार जताया। महासंघ की ओर से बैठक में वरिष्ठ उपाध्यक्ष कंचन चंदोला, संयोजक दिनेश सांगुडी, उपाध्यक्ष गौतम कुमार, उपाध्यक्ष पीतांबर दुमका, विक्रम शाह, मंजुल सनवाल, वेद प्रकाश भट्ट आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *