यूपी के घोड़े-खच्चरों का होगा ग्लेंडरस टेस्ट
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ यात्रा की तैयारियों को लेकर इस बार शासन-प्रशासन के साथ ही जनपद प्रभारी एवं पशुपालन मंत्री सौरभ बहुगुणा भी काफी सक्रिय है। रुद्रप्रयाग दौरे पर आए जनपद प्रभारी मंत्री ने कहा कि इस बार घोड़े-खच्चरों के संचालन को लेकर बेहतर योजना बनाई जाएगी। यूपी से आने वाले सभी घोड़े-खच्चरों का ग्लेंडरस टेस्ट किया जाएगा। केदारनाथ यात्रा में प्रतिवर्ष 10 हजार से अधिक घोड़े खच्चरों की आवाजाही होती है ऐसे में जहां पैदल चलने में यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है वहीं घोड़े-खच्चरों के संचालन और उनके स्वास्थ्य को लेकर कई सवाल उठते रहे हैं। बीते साल की यात्रा से अनुभव लेते हुए इस बार घोड़े खच्चरों के बेहतर संचालन के लिए स्वयं पशुपालन मंत्री सौरभ बहुगुणा मॉनीटरिंग कर रहे हैं। उन्होंने अफसरों की बैठक लेने के बाद बताया कि इस बार बिजनौर और यूपी से आने वाले घोड़े-खच्चरों का सबसे पहले ग्लेंडरस टेस्ट किया जाएगा। इसके लिए जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग मयूर दीक्षित द्वारा बिजनौर के जिलाधिकारी को पत्र लिख दिया गया है। साथ ही आगामी 15 दिनों के भीतर यात्रा में शामिल होने वाले घोड़े खच्चरों की रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया भी शुरू कर दी जाएगी। यात्रा शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं बेहतर की जाएगी।
