छात्रों ने नशे से दूर रहने का संकल्प लिया
रुद्रप्रयाग। पहाड़ के युवाओं को नशे के खिलाफ जागरूक होकर अपने भविष्य को संवारना होगा। अनेक तरह से यहां के युवाओं को नशे की गर्त में धकेलने का प्रयास किया जा रहा है। नशे से दूर रहकर ही जीवन में आगे बढ़कर सफलता हासिल की जा सकती है। यह बात मानवाधिकार संरक्षण एवं भ्रष्टाचार निवारक समिति उत्तराखंड के अध्यक्ष एडवोकेट ललित मोहन जोशी ने कही। मुख्यालय स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज बेलनी में छात्र-छात्राओं के बीच जागरूकता कार्यक्रम के दौरान जोशी ने कहा कि समिति का प्रयास उत्तराखंड के स्कूली बच्चों एवं युवाओं में राष्ट्रनिर्माण को लेकर जोश भर रही है। युवाओं में जोश भरने का के लिए मानवाधिकार संरक्षण एवं भ्रष्टाचार निवारक समिति उत्तराखंड अनेक जगहों पर जाकर स्कूली छात्र-छात्राओं के साथ ही समाज को जागरूक कर रही है। एडवोकेट ललित मोहन जोशी ने कहा कि नशे के खिलाफ जन-जागरूकता अभियान चला रही मानवाधिकार संरक्षण एवं भ्रष्टाचार निवारक समिति अपने अभियान को जारी रखते हुए निरंतर पहाड़ के अनेक कोनों में जा रही है। गुरुवार को श्रीनगर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इण्टर कॉलेज, श्रीकोट व रुद्रप्रयाग स्थित माई गोविंद गिरी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज बेलनी में नशे के प्रति स्कूली छात्रों को जागरूक किया गया। छात्र-छात्राओं से युवा संवाद के जरिए नशे से दूर रहने की अपील की। उन्होंने युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए कहा कि किसी भी तरह का नशा इंसान को शारीरिक मानसिक से कमजोर तो करता ही है साथ राष्ट्रनिर्माण में भी बाधक बनता है। जिस देश का युवा नशे की गिरफ्त में होगा फिर उस देश के लिए एक समृद्ध राष्ट्र की कल्पना नहीं की जा सकती। रुद्रप्रयाग विद्या मंदिर बेलनी के छात्रों ने नशे से दूर रहने का संकल्प लिया। छात्र-छात्राओं ने सीधे संवाद में शासन-प्रशासन से भी नशीले पदार्थों की बिक्री पर अकुंश लगाने की मांग की। इस मौके पर युवा संवाद कार्यक्रम में विद्या मंदिर बेलनी रुद्रप्रयाग के प्रधानाचार्य शशि मोहन उनियाल, सरस्वती विद्या मंदिर इण्टर कॉलेज श्रीकोट, श्रीनगर के प्रधानाचार्य मनोज कुकरेती के साथ ही मानवाधिकार संरक्षण एवं भ्रष्टाचार निवारक समिति के मोहित बिष्ट, योगेश चिराल, हिमांशु कांडपाल, दीवान सिंह सहित शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं मौजूद थे।
