विधायक प्रीतम ने किया छाम थाने का शुभारंभ
नई टिहरी। प्रदेश सरकार के राजस्व पुलिस क्षेत्रों को रेगुलर पुलिस को सौंपने के क्रम में छाम क्षेत्र को रेगुलर पुलिस को सौंपते हुए छाम थाने का शुभारंभ पूजा-अर्चना के साथ धनोल्टी विधायक प्रीतम पंवार ने किया। छाम जनपद टिहरी गढ़वाल का 12वां थाना बन गया है। इस मौके पर विधायक पंवार ने कहा कि थाना खुलने से जनता की समस्याओं का त्वरित गति से निदान होगा। पुलिस भी मित्र पुलिस की तरह लोगों की सुख-दुख की साथी बनेगी। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने कहा कि पुलिस जनता की भावनाओं के अनुरूप काम करेगी। पुलिस अपराध पर नियंत्रण के लिए साइबर क्राइम, नशे व महिला अपराध को लेकर पुलिस जागरूकता कार्यक्रम भी चलायेगी। नये थाने छाम के एसएचओ प्रदीप पन्त ने कहा कि पुलिस से जनता बिल्कुल भी संकोच न करे। पुलिस पूरी तत्परता से जनता के साथ मिलकर काम करेगी और अपराधों के नियंत्रण को प्रभावी कार्यवाही करेगी। इस मौके पर सीओ अस्मिता, ब्लाक प्रमुख प्रभा विष्ट, जयवीर सिंह रावत, ऋषि भट्ट, सुमेरी विष्ट, सुमेर सिंह पंवार, पीआरओ एसएसपी संजय मिश्रा, एसएसआई दिनेश बल्लभ, एसआई शांति प्रसाद डिमरी आदि मौजूद रहे।
