लंढौरा में सरकारी नलकूप भूमि की पैमाइश कर निशानदेही की

रुड़की। राजस्व और नलकूप खंड के अधिकारियों ने लंढौरा में सरकारी नलकूप की भूमि की पैमाइश कर निशानदेही की। शिकायतकर्ता का आरोप है कि टीम में शामिल अधिकारी सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाए बिना ही वापस लौट गए। मंगलौर मार्ग पर ईदगाह के पास सरकारी नलकूप लगा हुआ था। काफी समय पहले नलकूप बंद हो गया था। लंढौरा निवासी साजिद ने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट और सीएम पोर्टल पर शिकायत कर बताया था कि एक व्यक्ति ने नलकूप की करीब पौन बीघा भूमि पर कब्जा कर रखा है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि कब्जा धारक ने नलकूप भवन को भी तोड़ कर अपनी भूमि में मिला लिया है। शुक्रवार को ज्वाइन मजिस्ट्रेट के निर्देश पर कानूनगो ओम प्रकाश, लेखपाल आदेश कुमार और नलकूप खंड के जेई सुखपाल शर्मा ने पुलिस की मौजूदगी में नलकूप की भूमि की पैमाइश की। कानूनगो ओमप्रकाश और जेई सुखपाल शर्मा ने बताया कि पैमाइश के दौरान मौके पर पौने बीघा सरकारी नलकूप की जमीन मिली है। टीम ने भूमि की पैमाइश कर निशान देही करा दी है। साजिद का आरोप है कि टीम ने पैमाइश तो कर दी, लेकिन अतिक्रमण नहीं हटवाया है। उसका कहना है कि इसकी शिकायत जेएम से की जाएगी। वहीं, कानूनगो का कहना है कि भूमि पर कोई अतिक्रमण नहीं हुआ है। नलकूप खंड की ओर से शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *