बूथ मजबूत तो संगठन मजबूत के मंत्र पर कार्य करें कार्यकर्ता
ऋषिकेश। भाजपा के सांगठनिक जिला ऋषिकेश की बूथ सशक्तिकरण कार्यशाला आयोजित हुई। इसमें वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं से बूथों को मजबूत करने और जन-जन तक भाजपा की नीतियों व कार्यों को पहुंचाने का आह्वान किया। मंगलवार को नगर निगम सभागार में भाजपा के सांगठनिक जिला ऋषिकेश की बूथ सशक्तिकरण कार्यशाला हुई। इसमें मुख्य वक्ता जिला सह प्रभारी नलिन भट्ट ने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं को बूथ मजबूत तो संगठन मजबूत के मंत्र को लेकर आगे बढ़ना है। इसलिए सबसे पहले अपने बूथ को मजबूत बनाने का प्रयास करना है। अधिक से अधिक लोगों को बूथ से जोड़ना है। उन्होंने मंडलों, बूथों और शक्तिकेंद्रों में होने वाले आगामी कार्यक्रमों जैसे मन की बात, राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा, तथा संगठन के अन्य कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत की एवं विस्तार पूर्वक चर्चा भी की।
जिलाध्यक्ष रविंद्र राणा ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता कर्मठ और जुझारू है तथा राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए व संगठन की रीति नीति को ध्यान में रखते हुए निष्ठा से करता है। यही हमारी पार्टी की शक्ति है। मौके पर जिला महामंत्री दीपक धमीजा, राजेंद्र तड़ियाल, किशन नेगी, उपाध्यक्ष प्रतीक कालिया, पंकज शर्मा, मनोज ध्यानी, नीलम चमोली, गणेश रावत, पुष्पा ध्यानी, राहुल अग्रवाल, अंकित बिजल्वाण, कविता शाह आदि उपस्थित रहे।
