शराब की दुकान के विरोध में धरना

ऋषिकेश। नीलकंठ मोटर पर गरुड़ चट्टी के नजदीक संचालित अंग्रेजी शराब की दुकान का विरोध शुरू हो गया है। स्थानीय लोग दुकान शिफ्ट करने की मांग कर रहे हैं। कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने प्रशासन को उग्र आंदोलन की चेतावनी भी दी है। मंगलवार को स्थानीय लोगों ने शराब की दुकान के पास धरना देकर प्रदर्शन किया। सूचना मिलते ही कानून और शांति व्यवस्था को बनाए रखने के लिए पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। समाजसेवी सत्यपाल सिंह राणा ने बताया कि रत्तापानी नाम से आवंटित शराब की दुकान गरुड़ चट्टी मंदिर के पास उदयपुर तल्ला में चल रही है। जबकि, साल 2021 में तत्कालीन डीएम विजय कुमार जोगदंडे दुकान शिफ्ट करने के आदेश दे चुके हैं। बावजूद, इसके अभी तक आदेश का पालन नहीं किया गया है। कहा कि शराब की दुकान गंगा और मंदिर के नजदीक होने से लोगों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंच रही है। नीलकंठ धाम में शिव दर्शन और पूजन को पहुंचने श्रद्धालु भी यहां से अच्छा संदेश नहीं लेकर जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *