अजय लल्लू का सरकार से सवाल, अंबेडकरनगर में जहरीली शराब से हुई मौतों का जिम्मेदार कौन?
लखनऊ
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने आजमगढ़ व अम्बेडकर नगर में जहरीली शराब पीने से हुई 22 लोगों की मौत पर दुख जताते हुए सरकार से पूछा है कि सरकार बताए कि उसके कार्यकाल में जहरीली शराब का अवैध कारोबार किसके संरक्षण में चल रहा है। जहरीली शराब पीने से हुई मौतों का कौन जिम्मेदार है?
लल्लू ने कहा कि भाजपा शासनकाल में जहरीली शराब व शराब माफियाओं के गोरखधंधे खूब चल रहे हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश, रुहेलखंड, बुंदेलखंड, मध्य उत्तर प्रदेश से लेकर पूर्वांचल तक जहरीली शराब का कारोबार चल रहा है लेकिन सरकार उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रही। आजमगढ़ की घटना के बाद आये तथ्यों से पता चल रहा है कि पुलिस चौकी की नाक के नीचे जहरीली शराब की बिक्री हो रही थी जबकि कोरोना कर्फ्यू के कारण आवश्यक सेवाओं को छोड़कर सब कुछ बंद है।
उन्होंने कहा कि इस दुःखद घटना पर स्थानीय प्रशासन कह रहा है कि प्रथम दृष्टया शराब से हुई मौतें नहीं माना जा सकता है। जांच के बाद स्थिति स्पष्ट करने की बात कहकर दुःखद घटना में लीपापोती करने का प्रयास भी शुरू हो गया है। इससे साफ होता है कि सरकार अवैध शराब बनाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की बजाय संरक्षण दे रही है।
