बाजपुर पहुंची उत्तराखंड झांकी हुआ स्वागत
रुद्रपुर। दिल्ली में 26 जनवरी की परेड में शामिल हुई उत्तराखंड की झांकी बाजपुर पहुंची। सारथी के रूप में झांकी लेकर पहुँचे गजेंद्र सिंह नेगी को विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं तथा स्थानीय लोगों ने सम्मानित किया। बता दे कि दिल्ली में 26 जनवरी की परेड में उत्तराखंड की संस्कृति को दिखाने वाली झांकी को प्रथम पुरस्कार मिला था। वहीं सीएम पुष्कर धामी द्वारा इस झांकी को पूरे प्रदेश में ले जाकर लोगों को झांकी के दर्शन करवाने का आदेश दिया गया था। जिसके बाद सीएम आवास देहरादून से बीती 5 अप्रैल को इस झांकी को सीएम द्वारा हरी झंडी दिखाई गई थी। रविवार को गजेंद्र सिंह नेगी उत्तराखंड की झांकी को लेकर पहंुचे थे। जहां विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री यशपाल राजहंस तथा स्थानीय लोगों ने उनका फूल मालाओं से स्वागत किया। इस दौरान गजेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि उत्तराखंड की झांकी पहले स्थान पर आई थी, जिसको लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने झांकी को प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर ले जाने के निर्देश दिए है। जिसके चलते झांकी को विभिन्न शहरों में ले जाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उन्हें प्रदेश के लोगों से काफी सम्मान मिल रहा है। वही विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री यशपाल राजहंस ने कहा कि उत्तराखंड के मान सम्मान को बढ़ाने वाली झांकी को लेकर गजेंद्र सिंह नेगी पहुंचे हैं जिसके चलते उनको सम्मानित किया गया है। उन्होंने कहा कि जो लोग दिल्ली में इस झांकी को नहीं देख पाए थे उन्हें आज अपने क्षेत्र में झांकी को देखने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। साथ ही उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का भी आभार व्यक्त किया है।
