बिजली कटौती व दामों में वृद्धी पर कांग्रेस का प्रदेश सरकार पर हमला
विकासनगर। कांग्रेस ने बिजली के दामों में वृद्धि और कटौती को लेकर राज्य कि भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। शुक्रवार को पछुवादून में पत्रकारों से बातचीत करने के दौरान कांग्रेस पछुवादून जिलाध्यक्ष लक्ष्मी अग्रवाल ने कहा कि विधानसभा चुनाव में जनता को अपने जुमलों में फंसा कर सरकार बनाने वाली भाजपा का 24 घंटे बिजली और पानी देने का वादा भी अब हवा- हवाई साबित हुआ है। कहा कि पहले ही महंगाई की मार से जनता त्रस्त है। अब भाजपा की जनविरोधी सरकार हर माह बिजली की कीमतों में बेतहाशा वृद्धी कर जनता की जेब पर डाका डाल रही है। जिलाध्यक्ष ने कहा कि प्रतिदिन 8 से 9 घंटे बिजली कटौती हो रही है, जिससे उद्योगों के साथ-साथ ग्रामीण एवं शहरों में इसका असर पड़ रहा है। वहीं एक ओर सूबे कि जनता को बिजली नहीं मिल रही है और दूसरी ओर हर माह लोगों को बढ़े बिल थमा दिए जाते हैं। लक्ष्मी अग्रवाल ने कहा कि राज्य सरकार ने पिछले कुछ सालों में समय पर संयंत्रों से उचित बिजली खरीद समझौता नहीं किया। वर्ना राज्य को न तो बिजली की कटौती का सामना करना पड़ता न ही महंगी बिजली खरीदनी पड़ती। कहा कि जनता को मुफ्त बिजली का सपना दिखाकर सत्ता में आयी भाजपा ने सरकार बनाते ही पहले ही रोजमर्रा की वस्तुओं के दाम बढ़ा दिए। पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस के दाम आसमान छू रहे हैं। खाने पीने की वस्तुओं के दाम बढ़ाकर गरीब की थाली से रोटी, चावल व दाल को छीन लिया है। महंगाई के चलते आज आम आदमी के लिए जीना दूभर हो गया है। प्रदेश सरकार को घोर जनविरोधी करार देते हुए कहा कि इस सरकार को आम आदमी की चिंता नहीं है। जिसके चलते महंगाई सिर चढ़ कर बोल रही है। लक्ष्मी अग्रवाल ने मांग करते हुए कहा कि राज्य कि जनता के हित के लिए केंद्र सरकार उत्तराखंड को सस्ती दर पर बिजली उपलब्ध कराये और सेंटर पूल से मिलने वाले बिजली कोटे में बढ़ोतरी करे।
