इंटर बोर्ड की 11646 और हाईस्कूल की 20543 उत्तर पुस्तिकाएं जांचीं
काशीपुर। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन का तेज से हो रहा है। अब तक इंटर की 11646 और हाईस्कूल की 20543 उत्तर पुस्तिकाओं की जांच पूरी हो चुकी है। बीईओ ने मूल्यांकन केंद्र का निरीक्षण कर मूल्यांकन कार्य के साथ ही व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जीजीआईसी में बनाए गए मूल्यांकन केंद्र में 15 अप्रैल से मूल्यांकन कार्य शुरू हुआ था। हाईस्कूल उत्तर पुस्तिकाओं की जांच को 110 और इंटर के लिए 70 शिक्षकों की ड्यूटी परीक्षक, अंकेक्षक और उप प्रधान परीक्षक के कार्य के लिए लगाई है। केंद्र में इंटर की 20374 और हाईस्कूल की 36068 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया जाना है। शनिवार को बीईओ आरएस नेगी ने मूल्यांकन केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं की जांच के लिए 10 और हाईस्कूल के लिए 12 टेबल लगाई गई हैं। कहा इंटर की 11646 उत्तर पुस्तिकाओं की जांच हो चुकी है। जबकि 8728 शेष हैं। वहीं, हाईस्कूल की 20543 उत्तर पुस्तिकाओं की जांच की जा चुकी है। 15525 उत्तर पुस्तिकाओं की जांच होनी बाकी है। उन्होंने बताया 30 अप्रैल तक सभी उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
