हईया-अलसी मार्ग पर ग्रामीणों का सफर करना मुश्किल
विकासनगर। बीते चार दिनों लगातार हुई बारिश से हईया-अलसी मोटर मार्ग पर जगह-जगह मलबा, बोल्डर पड़े हुए हैं। इसके साथ ही कई जगहों पर भूस्खलन भी हुआ है, जिससे इस मार्ग पर सफर करना ग्रामीणों के लिए खतरों भरा साबित हो रहा है। बारिश के दौरान मार्ग एक दिन पूरी तरह बंद भी रह चुका है। हईया-अलसी मोटर मार्ग पर इन दिनों डामरीकरण और सुधारीकरण कार्य किया जा रहा है। लेकिन बारिश के चलते पूरे मार्ग पर मलबा आ गया है। अलसी से सकनी तक तीन किमी हिस्सा पगडंडी में तब्दील हो चुका है। स्थानीय ग्रामीण मातवर सिंह पंवार, कृपाल बिष्ट, ग्यार सिंह, परम सिंह पंवार, प्रेमदास वर्मा, रूपलाल, सियाराम ने बताया कि बारिश के दौरान बार बार मार्ग पर मलबा आ जाता है। भूस्खलन से सड़क धंसने के साथ ही पुस्ते भी टूट चुके हैं। बताया कि इस मार्ग से करीब पांच हजार की आबादी आवागमन करती है। ग्रामीण इसी मार्ग से अपनी नगदी फसलों को मंडी तक पहुंचाते हैं, लेकिन क्षतिग्रस्त होने के कारण फसलों को लेकर जाने से वाहन चालक कतरा रहे हैं, जिससे उनकी नगदी फसलें खेतों में ही बर्बाद हो रही हैं। ग्रामीणों ने जल्द मार्ग सुधारीकरण की मांग की है। उधर, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता प्रत्यूष कुमार ने बताया कि लगातार हो रही बारिश से सुधारीकरण कार्य में बाधा आ रही थी। अब कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
