स्वच्छता के लिए ग्राम प्रहरी की तर्ज पर गांवों में स्वच्छता प्रहरी बनाएं

अल्मोड़ा। ताड़ीखेत ब्लॉक सभागार में कूड़ा निस्तारण को लेकर क्षमता विकास कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधियों को सिंगल यूज प्लास्टिक और जैविक, अजैविक कूड़े के निस्तारण के तरीकों की जानकारी दी गई। संयुक्त मजिस्ट्रेट जय किशन ने कहा कि स्वच्छता और कूड़े के सही निस्तारण में पंचायतों की प्रमुख भूमिका है। जागरूकता के साथ काम करने की जरूरत है। जिला स्तर से प्राप्त निर्देशेां के क्रम में सोमवार को ब्लॉक सभागार में ग्रामीण क्षेत्रों में समुचित कूड़ा निस्तारण और सिंगल यूज प्लास्टिक निस्तारण के लिए ब्लॉक प्रमुख हीरा सिंह रावत की अध्यक्षता में कार्यशाला का आयोजन किया। कार्यक्रम में मौजूद संयुक्त मजिस्ट्रेट जय किशन ने प्रत्येक गांव में जैविक कंपोस्ट पिट और प्लास्टिक यूनिट बनाए जाने पर जोर दिया। कहा कि इससे स्वच्छ भारत अभियान की परिकल्पना साकार होगी। ब्लाक प्रमुख हीरा रावत ने कहा की कूड़े सही तरीके से निस्तारण प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। कूड़े को यत्र -तत्र बिखेरने से बचना होगा। अपर मुख्य अधिकारी जगदीश प्रसाद और जिला पंचायत राज अधिकारी गोपाल सिंह अधिकारी ने कूड़ा निस्तारण के तरीकों पर प्रकाश डाला। कर निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह रावत ने कहा कि ग्राम प्रहरी की तर्ज पर गांव में स्वच्छ ग्राम प्रहरी भी बनाया जाए। इससे गांव में कूड़ा निस्तारण में मदद मिलेगी। इस मौके पर ज्येष्ठ उप प्रमुख मोहन सिंह नेगी, जिपं सदस्य शोभा रौतेला, बीडीओ ललित कुमार महावर, जगवीर कृषाली सहित कई ग्राम प्रधान मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *