मूसलाधार बारिश से जगह-जगह जलभराव
रुद्रपुर। रुद्रपुर में रविवार को हुई मूसलाधार बारिश से जगह-जगह जलभराव हो गया। काशीपुर बाईपास रोड, गाबा चौक, किच्छा रोड और नैनीताल रोड में कई जगहों पर जलभराव से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं कल्याणी नदी का जलस्तर बढ़ने से इससे सटे मोहल्लों में पानी घुस गया। इससे गलियां जलमग्न हो गई और कई घरों में भी पानी घुस गया। शनिवार सुबह से बारिश शुरू होने से शहर में जगह-जगह जलभराव देखने को मिला। दोपहर को बारिश थमने से जलभराव कम होने लगा। रविवार देर रात फिर मूसलाधार बारिश से कल्याणी नदी का पानी वार्ड नंबर छह, जगतपुरा, ट्रांजिट कैंप आदि क्षेत्रों के मोहल्लों में घुस गया। इससे यहां रह रहे लोगों को मुसीबतों का सामना करना पड़ा। गलियों में दो से तीन फीट तक पानी भर गया। इस दौरान लोगों को गलियों से जल निकासी के उपाय करते देखा गया। जलभराव के चलते कई लोगों के वाहन भी खराब हो गए। पुलिस ने नदी किनारे रह रहे लोगों को नदी के पास नहीं जाने को कहा है।
