भारतीय चित्र साधना का फिल्मोत्सव पंचकुला में अगले वर्ष
देहरादून। भारतीय चित्र साधना द्वारा पांचवां चित्र भारती फिल्म फेस्टीवल अगले वर्ष 23, 24, 25 फरवरी को पंचकुला हरियाणा में होगा। जिसमें उत्तराखंड की भी प्रवृष्टियों को शामिल किया जाएगा। इस मौके पर चित्र भारतीय फिल्म उत्सव-2024 के पोस्टर का विमोचन किया गया। विश्व संवाद केंद्र राजपुर रोड में चित्र भारती फिल्मोत्सव को लेकर हुई भारतीय चित्र साधना उत्तराखंड चैप्टर की प्रेस वार्ता में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के क्षेत्रीय प्रचार प्रमुख पदम सिंह ने बताया कि फिल्म फेस्टीवल में उत्तराखंडी संस्कृति, सामाजिक व अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर आधारित युवा कलाकार, फिल्म निर्माताओं द्वारा बनाई जा रही लघु फिल्म, डॉक्यूमेंट्री को भी शामिल किया जाएगा, ताकि राज्य के नवोदित फिल्मकार व कलाकारों को अखिल भारतीय स्तर पर मंच प्रदान किया जा सके। चित्र साधना उत्तराखंड संयोजक डॉ. दिनेश उपमन्यु ने बताया फिल्मोत्सव की एंट्री 1 सितंबर से 23 नवंबर के बीच स्वीकार की जाएगी। प्रतिभागी बाल फिल्म, डॉक्यूमेंट्री, शॉर्ट फिल्म और कैंपस वर्ग में एंट्री भेज सकते हैं। फिल्मोत्सव में हिस्सा लेने के लिए आठ विषय निर्धारित किए गए हैं। जिनको ध्यान में रखकर ही प्रवृष्टि ली जाएगी। महिला सशक्तीकरण, रोजगार सृजन, समरसता, पर्यावरण, भविष्य का भारत, जनजातीय समाज, ग्रामीण विकास व वसुधैव कुटुम्बकम जैसे विषय शामिल किए गए हैं। विजेताओं के लिए दस लाख रुपये तक की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है। मौके पर रणजीत ज्याला विभाग प्रचार प्रमुख, सुरेंद्र मित्तल प्रांत व्यवस्था प्रमुख, बलदेव पाराशर प्रांत मीडिया संवाद प्रमुख, हिमांशु अग्रवाल मौजूद थे।
