कूड़ा फेंकने पर होगा दो लाख तक का जुर्माना

काशीपुर। कूड़ा प्रतिषेध अधिनयम को सख्ती से लागू करने के लिए नगर निगम प्रशासन ने तैयारी कर ली है। बार-बार जागरूक करने के बाद भी अगर लोगों को सार्वजनिक स्थानों अथवा नालों में कचरा डाला तो उन पर पांच हजार से दो लाख रुपये तक का जुर्माना हो सकता है। कई बार पकड़े जाने पर उनके विरुद्ध निगम एफआईआर भी करा सकता है। नगर निगम ने सभी वार्डों में कूड़ा प्वाइंट चिह्नित किए हैं। यहां से कचरे का नियमित उठान होने के बाद भी सड़कों पर जहां-तहां कूड़े के ढेर दिखाई देते हैं। एक बार कूड़ा उठने के बाद भी लोग दोबारा कूड़ा प्वाइंट पर कचरा फेंक देते हैं। बार-बार जागरूकता अभियान के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है। नगर निगम अब कूड़ा प्वाइंटों के पास की फुटेज चेक करेगा। कचरा फैलाने वालों को चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी। ऐसे लोगों पर पांच हजार से लेकर दो लाख रुपए तक का जुर्माना किया जाएगा। इसके बाद भी कोई बाज नहीं आया तो उसके खिलाफ आईपीसी की धाराओं में केस दर्ज कराया जाएगा।
स्वच्छता को लेकर नगर निगम लगातार जागरूकता अभियान चला रहा है। निगम अब कचरा फैलाने वालों पर सख्ती से पेश आएगा। पकड़े जाने पर जुर्माने के साथ केस की कार्रवाई भी की जाएगी।    – विवेक राय, नगरायुक्त, नगर निगम काशीपुर।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *