डोईवाला व आसपास के क्षेत्रों में लोगों का जीवन अस्त व्यस्त
ऋषिकेश। लगातार तीन दिनों से हो रही बारिश से डोईवाला व आसपास के क्षेत्रों में लोगों का जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। कई क्षेत्रों में जलभराव से क्षेत्रवासियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश से तमाम नदी नाले उफान पर हैं। मंगलवार को डोईवाला के बुलावाला और झबरावाला गांव में राजाजी नेशनल पार्क से आने वाले बरसाती नालों ने कहर बरपाया। सुबह सात से ग्यारह बजे तक करीब चार घंटे तक गांव का संपर्क डोईवाला से कटा रहा। इसका मुख्य कारण बुलावाला से डोईवाला जाने वाले मुख्य मार्ग पर जलभराव रहा। जब पानी कम हुआ तो तहसील प्रशासन की टीम नायब तहसीलदार सुरेंद्र सिंह रावत के नेतृत्व में गांव में पहुंची और मौके का जायजा लिया। बुल्लावाला के वार्ड नंबर चार में बरसाती नाले में पानी ज्यादा आ जाने से तटबंध टूट गया, इसकी वजह से क्षेत्रवासियों के घरों में पानी घुस गया। इस दौरान गोपाल सिंह, जीत बहादुर, प्रीतम सिंह समेत दर्जनभर लोगों के घरों में पानी घुसा और घर के सामान को नुकसान पहुंचा। ग्रामीणों का कहना है कि रास्ते के किनारे बनी नालियों की सफाई ना होने से पानी लोगों के घरों में घुसा। सुसवा नदी में अत्यधिक पानी आ जाने से तटबंध टूट गए और पास में बनी बस्ती में पानी घुस गया।
