लगातार मूसलाधार बारिश ने बढ़ाई मुश्किलें
ऋषिकेश। ऋषिकेश और आसपास के इलाकों में 36 घंटे की मूसलाधार बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। नदियों में उफान और सड़कों पर जलभराव से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। सौंग नदी का पानी गौहरी माफी गांव में घुसने से काफी नुकसान हुआ है। श्यामपुर में भी दर्जनभर घरों में बरसाती पानी घुस गया। एक परिवार को एसडीआरएफ को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करना पड़ा। लेकिन गंगा का जलस्तर चेतावनी निशान से नीचे होने के कारण तटीय इलाकों में बसे लोगों को राहत जरूर मिली है। बारिश के कारण गंगा और सहायक नदियों के तटों पर बसे लोगों के रात और दिन खौफ में गुजर रहे है। हालांकि, बारिश से कहीं कोई जनहानि नहीं हुई। प्रशासन ने प्रभावित स्थानों पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। बरसात से प्रभावित परिवारों को आवश्यक खाद्य सामग्री भी बांटी। नदी-नालों के तटों पर बसे लोगों को पानी बढ़ने पर सुरक्षित स्थान पर चले जाने को कहा गया। उधर, बीन नदी में लगातार उफान से चीला-हरिद्वार मार्ग पर आवामगन बंद रहा। इससे ऋषिकेश और हरिद्वार के बीच नेशनल हाईवे पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ा रहा। इसके चलते श्यामपुर रेलवे फाटक पर कांवड़ियों के साथ ही अन्य वाहन सवारों को जाम का झाम झेलना पड़ा।
