पूर्व विधायक को कांवड़ियों के वाहन ने मारी टक्कर
ऋषिकेश। तपोवन में पूर्व प्रधान की माता की अंत्येष्टि में शामिल होने के लिए निकले नरेंद्रनगर के पूर्व विधायक सड़क हादसे में घायल हो गए। भद्रकाली के पास उन्हें और उनके बाइक सवार साथी को कांवड़ियों के वाहन ने टक्कर मार दी। जख्मी हालत में आपातकालीन सेवा से उन्हें सरकारी अस्पताल लाया गया। चिकित्सकों ने फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई है। जानकारी के मुताबकि पूर्व विधायक ओम गोपाल रावत गुरुवार को साथी पूर्ण सिंह के साथ बाइक पर सवार होकर नरेंद्रनगर से तपोवन आ रहे थे। सुबह करीब 11 बजे भद्रकाली तिराहे पास उन्हें कांवड़ियों के वाहन ने टक्कर मार दी। सूचना पर तत्काल पुलिस मौके पर पहुंची। पूर्व विधायक और घायल साथी को ऋषिकेश के सरकारी चिकित्सालय में भिजवाया गया। बताया जा रहा है पूर्व विधायक तपोवन में पूर्व प्रधान चैन सिंह की माता की अंत्येष्टि में शामिल होने जा रहे थे। थानाध्यक्ष रितेश शाह ने बताया कि फिलहाल कोई शिकायत पूर्व विधायक ने नहीं दी है। तहरीर मिलती है, तो मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, पूर्व विधायक के घायल होने की सूचना मिलने के बाद कई समर्थकों ने अस्पताल पहुंचकर उनका हाल जाना।
