पंचायत घर टूटने की झूठी सूचना देने पर मुकदमा
चम्पावत। विकास खंड लोहाघाट के मजपीपल में पंचायत घर टूटने की झूठी सूचना देने पर एक व्यक्ति के खिलाफ मुदकमा दर्ज हो गया है। मामले की पुलिस जांच कर रही है। ग्राम पंचायत अधिकारी दिनेश सिंह बिष्ट ने पंचेश्वर कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि गांव के जोगा सिंह ने बारिश के दौरान मजपीपल गांव में पंचायत घर टूटने की झूठी सूचना आपदा प्रबंधन को दी गई थी। जांच में पंचायत घर के टूटने की सूचना अफवाह निकली। कोतवाल इन्द्रजीत सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर जोगा सिंह के खिलाफ आईपीसी की धारा 177 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
