चाकुओं की नोक पर फैक्ट्री कर्मचारी से लूट
हरिद्वार। सिडकुल थाना क्षेत्र के नवोदय नगर के निकट फैक्ट्री कर्मचारी से चाकु की नोक पर मारपीट करते हुए पांच से ज्यादा बदमाशों ने लूटपाट कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों को पकड़ने के लिए क्षेत्र में कांबिंग की। लेकिन बदमाश अंधेरे और झाड़ियों का फायदा उठाकर भाग निकले। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। मुकेश डोबरियाल निवासी शिवरतन सिटी सिडकुल ने पुलिस को बताया की वह एक कंपनी में कर्मचारी हैं। रविवार रात करीब साढ़े दस बजे कंपनी से कार्य कर बाइक से वापस घर लौट रहे थे। जैसे ही बाइक नवोदय नगर के निकट पहुंची तो रात के अंधेरे में करीब पांच बदमाशों ने उन्हें डंडा मारकर बाइक से नीचे गिरा दिया। आरोप है कि बदमाशों ने उसे चाकुओं की नोक पर झाड़ियों में खींचकर ले गए। एक बदमाश ने चाकू कनपटी और दूसरे ने पेट में लगा दिया। इसके बाद बदमाशों ने मारपीट करते हुए उसकी जेब से 20 हजार रुपये की नगदी, पर्स और मोबाइल फोन लूटकर भाग निकले। थाना प्रभारी नरेश राठौड़ ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। मामले में कई संदिग्ध लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।
