भारतीय किसान यूनियन क्रांति ने की हरिद्वार को आपदा ग्रस्त जिला घोषित करने की मांग
हरिद्वार। भारतीय किसान यूनियन क्रांति के राष्ट्रीय अध्यक्ष विकास सिंह सैनी ने कहा कि किसान बाढ़ के कारण आर्थिक तंगी का सामना कर रहा है। बाढ़ से किसानों की फसलें बर्बाद हो गई है। ऐसे में हरिद्वार जिले को आपदा ग्रस्त घोषित किया जाए। इसके साथ ही किसानों का कर्ज पूरी तरह से माफ किया जाए।
बुधवार को प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की तर्ज पर किसानों को बिजली मुफ्त मुहैया कराई जाए। किसानों का गन्ने का 215 करोड़ रुपये का भुगतान 3 वर्षों से रुका हुआ है। अविलंब गन्ने का भुगतान होना चाहिए। सैनी ने कहा कि मुआवजे की कीमत वर्तमान लागत मूल्य निकालकर किसानों को दी जानी चाहिए। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विनोद प्रजापति ने कहा कि समस्याओं का हल नहीं होने पर पांच अगस्त को किसान रोशनाबाद स्थित जिलाधिकारी कार्यालय पर धरना देंगे। 60 वर्ष से ऊपर आयु के किसानों को 10,000 रूपए मासिक पेंशन देने की मांग भी की गयी। इस दौरान हरिद्वार ग्रामीण जिला अध्यक्ष अजीम कुरेशी, शुभम चैहान, फहीम अहमद, सरवर कुरेशी, ऋषिपाल चौधरी, पदम सिंह, सुरेंद्र प्रजापति, विनोद प्रजापति आदि मौजूद रहे।
