तुणगी-भटकोट मार्ग का चट्टानी मलबा बना परेशानी
नई टिहरी। ऋषिकेश- बदरीनाथ राजमार्ग से जुड़े तुंणगी भटकोट मार्ग का चट्टानी मलबा यहां बड़े हादसे का कारण बन सकता है। इस मार्ग पर अटके बड़े बोल्डर भारी बारिश में राजमार्ग से गुजरने वाले वाहनो के ऊपर कभी भी गिर सकते हैं। राजमार्ग से जुड़े तुणगी भटकोट मार्ग का निर्माण साल 2020 में शुरू हुआ था। इसकी शुरुआत में ही पहाड़ी को काफी ऊंचाई तक काट दिये जाने से यहां लगातार भू-स्खलन की स्थिति बनी हुई है। यहां से भारी बोल्डर राजमार्ग पर गिर चुके हैं। गनीमत यह रही इनकी चपेट में कोई वाहन व व्यक्ति नहीं आया। यहां दरक रही पहाड़ी से आस पास के घरों को भी खतरा बन गया है। इन घरों के नीचे जिला योजना से बना 5 लाख का पुश्ता भी पूरी तरह धंस चुका है। ग्राम प्रधान अरविंद जियाल के अनुसार, लोनिवि से यहां स्थाई ट्रीटमेंट किये जाने की लगातार मांग की जा रही है। मगर अभी तक इस बाबत कोई कार्रवाही की गयी है। निर्माणाधीन तुंणगी भटकोट मार्ग से राजमार्ग ही नहीं इसके नीचे स्थित लोनिवि मार्ग पर भी भारी बोल्डर गिर चुके हैं। जिससे यहां बना रामकृष्ण मिशन का आश्रम किसी तरह बच पाया है। क्षेत्रवासियों ने बदरी केदार यात्रा की सुरक्षा की दृष्टि से तुणगी भटकोट मार्ग का मलबा तत्काल हटाये जाने की मांग प्रशासन से की है।
