ग्राम प्रधान के भाई की कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग
रुड़की। बहन को उसकी ससुराल छोड़कर देर रात वापस कार से घर लौट रहे ग्राम प्रधान के भाई पर बदमाशों ने कातिलाना हमला करते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। जिसमें कार चालक को करीब चार गोलियां लगी हैं। वह गंभीर रूप से घायल हो गया। एक अस्पताल में उसका उपचार चल रहा है। घटना के बाद से बदमाश फरार चल रहे हैं। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के गांव भगवानपुर चंदनपुर के ग्राम प्रधान नौशाद अली की बहन का विवाह कोतवाली क्षेत्र के ही गांव बिझौली में हुआ है। ग्राम प्रधान नौशाद अली की बहन पिछले कुछ दिनों से अपने मायके आई हुई थी, जिसको छोड़ने के लिए रविवार की शाम उसका छोटा भाई शहरान अली अपने साथी गुलशाद के साथ कार से उसकी ससुराल गया था। रात में वहां से लौटते समय उन्हें काफी देर हो गई थी। बताया गया है कि कार गुलशाद चला रहा था। रात में जब वह वापस लौट रहे थे तो बिझौली फ्लाई ओवर के नीचे बने अंडरपास पर जैसे ही उनकी कार पहुंची तभी एक स्कूटी सवार ने अपनी स्कूटी उनकी कार के आगे लगा दी। दोनों ने घटना के संबंध में जानना चाहा, इसी दौरान आरोपी ने अपने पास से पिस्टल निकालकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। बराबर में बैठे शहरान अली बच गए, लेकिन कार चालक गुलशाद पुत्र मकसूद, निवासी ग्राम भगवानपुर चंदनपुर थाना कोतवाली मंगलौर को चार गोलियां लगी। दोनों कुछ समझ पाते इससे पहले ही आरोपी अपनी स्कूटी लेकर मौके से फरार हो गया। घटना को लेकर क्षेत्र के लोगों में काफी आक्रोश बना हुआ है। सोमवार सुबह ग्रामीण कोतवाली पहुंचे तथा आरोपी के खिलाफ पुलिस को तहरीर देकर जल्द आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग की। इंस्पेक्टर महेश जोशी ने बताया कि पीड़ित पक्ष की ओर से ग्राम प्रधान के भाई शहरान पुत्र मनसब, निवासी ग्राम भगवानपुर चंदनपुर द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया गया है।
