रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं: श्रीमहंत रविंद्रपुरी
हरिद्वार। अखाड़ा परिषद अध्यक्ष एवं श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी के सचिव श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि आपके द्वारा दिया गया रक्त किसी के प्राणों की रक्षा करता है। डेंगू का प्रकोप जनपद में जारी है। ऐसे में अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान कर अन्य को भी इसके लिए प्रेरित करना चाहिए। कहा कि रक्तदान करने से बड़ा कोई दान नहीं है। यह बातें उन्होंने शिविर का शुभारंभ करते हुए कही। कनखल स्थित देशरक्षक औषधालय के आयुर्वेदिक चिकित्सा केंद्र में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। वैघ पारस कुमार जैन एवं मीना जैन की स्मृति में जीवन रक्षक ब्लड सेंटर के सहयोग से आयोजित रक्तदान शिविर का शुभारंभ अखाड़ा परिषद अध्यक्ष एवं श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी के सचिव श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने दीप जलाकर किया। श्रीमहंत ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि शरीर में नए रक्त का संचार रक्तदान करने से होता है। रक्तदान के प्रति लोग भ्रम फैला देते हैं। समय-समय पर रक्तदान अवश्य करना चाहिए। डॉ. अनू शर्मा ने कहा कि डेंगू के रोगियों को प्लेटलेट्स की आवश्यकता पड़ती है। डेंगू के मरीजों को रक्त के लिए इधर-उधर ना भागना पड़े। रक्तदान अवश्य करें। तोष जैन ने बताया कि 10 सितम्बर को जगजीतपुर स्थित आंबेडकर भवन में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में साठ रक्तदाताओं ने रक्तदान किया। इस अवसर पर अरिहंत जैन, राहुल, डॉ. गिरीश भट्ट, शालू, सोम्या जैन, नुपुर, सोनू, पिंकू, घनश्याम, राजेश शर्मा, शोभाराम, अमित वालिया, रंजीत राजू, डॉ. शशि भूषण, समीक्षा शर्मा, मुकेश, सागर, आदेश संजीव, मोनिका, गीता, कुसुम आदि उपस्थित रहे।
