विश्व ओजोन दिवस पर हुआ सेमिनार का आयोजन
श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विवि के वातावरणीय भौतिकी प्रयोगशाला विभाग एवं एयरोसोल एयर क्वालिटी एंड क्लाइमेट चेंज सोसायटी श्रीनगर गढ़वाल द्वारा विश्व ओजोन दिवस पर एक दिवसीय सेमिनार का आयोजन किया गया। इस मौके पर ओजोन परत क्षरण एवं ओजोन क्षरण के कारण पृथ्वी पर आने वाली हानिकारक पराबैंगनी किरणों से होने वाले दुष्परिणामों पर चर्चा की गई। सोसायटी के सचिव डॉ. आलोक सागर गौतम के निर्देशन मे आयोजित सेमिनार में विभिन्न शोध छात्रों एवं वक्ताओं ने अपने व्याख्यान प्रस्तुत किए। रसायन विज्ञान विभाग में शोध छात्र श्याम नारायण नौटियाल ने समताप मंडल में ओजोन के निर्माण एवं ओजोन क्षरण की क्रियाविधि, ओजोन क्षरण की रोकथाम हेतु अंतर्राष्ट्रीय संधि मोंट्रियल प्रोटोकॉल एवं उत्तराखण्ड में ओजोन के अध्ययन जैसे महत्वपूर्ण विषय पर व्याख्यान दिया। भौतिकी विभाग के संजीव कुमार ने आजोन एवं आकाशीय बिजली के मध्य संबध पर व्याख्यान दिया। वातावरणीय भौतिकी प्रयोगशाला के शोध छात्र करन सिंह ने ओज़ोन का इतिहास तथा गुड ओजोन एवं बेड ओजोन पर जानकारी दी।
