समीक्षा के साथ मिली नई जिम्मेदारी

ऋषिकेश। भाजपा महिला मोर्चे की दो दिवसीय कार्यसमिति में पार्टी के भावी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए गहन मंथन किया गया है। इस दौरान पूर्व के कार्यक्रमों की समीक्षा भी की गई। राष्ट्रीय अध्यक्ष वानथी श्रीनिवासन ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार को महिलाओं के विकास और प्रतिनिधित्व से जुड़ा एजेंडा रखा। उन्होंने महिला कार्यकर्ताओं से सरकार की इस नीति को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। प्रत्येक कार्यकर्ता को संगठन की मजबूती के लिए 20 कमल मित्र महिला बनाने का जिम्मा भी सौंपा। परमार्थ निकेतन आश्रम में आयोजित कार्यसमिति में पार्टी के लाभार्थी सेल्फी कार्यक्रम की समीक्षा की गई, जिसमें कार्यकर्ताओं को केंद्र सरकार की योजनाओं से लाभांवित महिलाओं के साथ सेल्फी लेकर उसे संगठन के सोशल मीडिया एकाउंट पर अपलोड किया जाना था। महिला कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के लाभ के संबंध में फीडबैक लेने के लिए कहा गया। जानकारी जुटाने के बाद इसे मोर्चे के माध्यम से सरकार तक पहुंचाने की जिम्मेदारी दी गई। विभिन्न क्षेत्रों, मसलन सामाजिक, शिक्षा, तकनीकी, स्वरोजगार आदि में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को पार्टी से जोड़ने के लिए कहा गया। कार्यसमिति में संगठन के भावी कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी प्रदेश और जिले की पदाधिकारियों को दी गई। सरकार से संबंधित योजनाओं और पार्टी के हर कार्यक्रम का सफल बनाने का आह्वान भी किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी अंतिम दिन कार्यकर्ताओं में जोश भरा। राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी और गढ़वाल सांसद तीरथ सिंह रावत भी महिला कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचे। उन्होंने भी कार्यकर्ताओं को सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं से अवगत कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *