नंदाधाम नौटी तक बनेगा सिमली-शैलेश्वर मोटर मार्ग

चमोली। विकासखंड का सिमली-शैलेश्वर मोटर मार्ग अब जल्द नंदाधाम नौटी से जुड़ेगा। ग्रामीणों की लंबे समय मांग पर लोनिवि ने अब टेंडर जारी कर दिए हैं।
सिमली से सेनू, गैरोली, चमोला होते हुए कनोठ तक लोनिवि की करीब 16 किमी लंबी सड़क बनी है। ग्रामीण इस सड़क को जल्द नौटी के पास नैणी तक मिलाने की मांग कर रहे थे। पूर्व प्रधान और भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य समीर मिश्रा का कहना है कि चांदपुर पट्टी के कनोठ के गांवों के ग्रामीणों को नौटी जाने के लिए बाया कर्णप्रयाग करीब पचास किमी या पैदल पांच किमी की दूरी तय करनी पड़ती थी। वहीं जीआईसी नैणी सहित अन्य स्कूलों को जाने वाले छात्र-छात्राओं को पैदल दूरी नापनी पड़ती थी। लेकिन अब सरकार ने कनोठ से नैणी तक तीन किमी मार्ग की स्वीकृति मिली है। जिस पर लोनिवि ने टेंडर जारी किए हैं। इधर मामले में विधायक अनिल नौटियाल ने कहा कि गांवों में सड़क नेटवर्क को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है। जिसके तहत विधानसभा में कई लंबित सड़कों को स्वीकृति दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *