प्रधान पति पर छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज
रुड़की। महिला ग्राम प्रधान का पति अपनी ही पंचायत के दूसरे गांव निवासी एक व्यक्ति के घर में घुसा और उसकी बेटी के साथ छेड़छाड़ करने लगा। उसकी बीमार मां बचाने आई, तो आरोपी उससे मारपीट कर भाग गया। प्राथमिक जांच में पुष्टि होने पर पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है। इस बार लक्सर ब्लॉक में पंचायत चुनाव से पहले एक नई ग्राम पंचायत बनी थी। सीट आरक्षित होने से यहां महिला प्रधान बनी हैं। इसी सप्ताह उनकी पंचायत में शामिल नजदीकी गांव में किसी की मौत हुई थी। प्रधान पति वहां शोक जताने गए थे। आरोप है कि वहां से लौटते समय प्रधान पति को एक युवती अपने मकान के दरवाजे पर खड़ी दिखी। प्रधान पति ने उससे उसके पिता के बारे में पूछा। उसने बताया कि घर में वह अपनी बीमार मां के साथ है और बाकी लोग मौत वाले घर में गए हैं। इस पर प्रधान पति उनके घर में घुसा और युवती को खींचकर एक कमरे में ले गया। कमरे में उसने युवती से छेड़छाड़ शुरू कर दी। शोर सुनकर आई बीमार मां ने शोर मचाया, तो प्रधान पति उससे मारपीट कर भाग गया। 20 सितंबर को युवती के पिता ने कोतवाली में इसकी शिकायत की थी। कोतवाल अमरचंद शर्मा ने बताया कि शिकायत पर हुई प्राथमिक जांच के बाद प्रधान पति पर छेड़छाड़ की धारा में मुकदमा लिख गया है। इसकी जांच की जा रही है।
