शत प्रतिशत पेंशनर्स के जीवन प्रमाणपत्र ऑनलाइन जमा होंगे
देहरादून। प्रदेश सरकार शत प्रतिशत पेंशनर्स के जीवन प्रमाणपत्र ऑनलाइन तरीके से जमा करने की तैयारी कर रही है। इससे बैंकों और ट्रैजरी में जीवन प्रमाणपत्र जमा करने वालों भीड़ कम हो सकेगी। प्रदेश सरकार के अधीन करीब 1.30 पेंशनर्स ट्रेजरी के माध्यम से पेंशन प्राप्त कर रहे हैं। जिन्हें हर साल पेंशन लगने के माह में अपना जीवन प्रमाणपत्र प्रस्तुत करना होता है। प्रदेश सरकार पहले ही जीवन प्रमाणपत्र की सुविधा को डिजिटल माध्यम पर उपलब्ध करा चुकी है, लेकिन अभी महज 20 हजार लोग ही इसका लाभ उठा रहे हैं। इस कारण बैंकों और कोषागार में भीड़ बनी रहती है, इससे खुद पेंशनर्स को भी मुश्किलों से दो चार होना पड़ता है। इसी क्रम में अब सूचना प्रोद्योगिकी विभाग ने शत प्रतिशत पेंशनर्स के जीवन प्रमाणपत्र ऑनलाइन उपलब्ध कराने को कहा है। सचिव आईटी शैलेश बगौली की ओर से जारी आदेश के अनुसार इसके लिए बैंक या कोषागार में आने वाले पेंशनर्स को वहीं पर ई जीवन प्रमाणपत्र की सुविधा उठाने के लिए प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही कॉमन सर्विस सेंटर पर आने वाले पेंशनर्स को भी इसके बारे में जानकारी दी जाएगी। आदेश में कहा गया है कि अब सेवानिवृत होने वाले कार्मिकों के पेंशन अधिकार पत्र तैयार करने की प्रक्रिया भी ऑनलाइन की जाएगी, साथ ही इसे ई जीवन प्रमाणपत्र से जोड़ा जाएपा ताकि भविष्य में पेंशनर्स स्वत: ही ऑनलाइन तरीके से ई जीवन प्रमाणपत्र जमा कर सकें। इसे एक अक्तूबर से पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर लागू करते हुए, नौ नवंबर को पूरे प्रदेश में लांच किया जाएगा।
