मत्स्य विभाग में डीपीसी के बाद भी नहीं हुए प्रमोशन

देहरादून। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद ने मत्स्य विभाग में प्रमोशन न होने पर नाराजगी जताई। कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा को ज्ञापन सौंप सहायक निदेशक के पदों पर डीपीसी होने के बाद भी प्रमोशन आदेश जारी न करने पर नाराजगी जताई। परिषद अध्यक्ष अरुण पांडे ने ज्ञापन में कहा कि सहायक निदेशक मत्स्य के नौ पदों पर पदोन्नति को डीपीसी हो चुकी है। इसके बाद भी अभी तक डीपीसी का परिणाम जारी कर पदोन्नति आदेश जारी नहीं किए गए। इसे लेकर कर्मचारी निराश हैं। कहा कि नए पदों की मांग करते हुए विभागीय ढ़ाचा पुनर्गठन का प्रस्ताव शासन के समक्ष प्रस्तुत किया गया था। इस ढांचे को कुछ संशोधन के साथ 13 मई 2022 को विभाग का पुनर्गठन कर दिया गया। इसी नए पुनर्गठन के अनुसार खाली पदों पर पदोन्नति की प्रक्रिया शुरू हुई। अब दोबारा विभागीय पुनर्गठन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। नए पुनर्गठन में पदों को कम करने की तैयारी की जा रही है। ऐसा कर पदोन्नति के मौकों को कम करने का प्रयास किया जा रहा है। इससे न सिर्फ कर्मचारियों के मनोबल पर विपरित असर पड़ेगा। बल्कि विभागीय कार्यों के विस्तार पर भी गलत प्रभाव पड़ेगा। कहा कि जल्द पुनर्गठन की प्रक्रिया पर रोक लगाने के साथ ही पदोन्नति आदेश जारी किए जाएं। कैबिनेट मंत्री ने इस मामले में विभागीय सचिव बीवीआरसी पुरुषोत्तम को फोन कर तीन अक्तूबर को बैठक बुलाने के निर्देश दिए। परिषद के प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश महामंत्री शक्ति प्रसाद भट्ट, संरक्षक चौधरी ओमवीर सिंह आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *