गुलदार पकड़ने में जनप्रतिनिधियों से सहयोग मांगा
चम्पावत। गुलदार को पिंजरे में कैद करने के लिए वन विभाग ने स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों से सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने एनएच से लगे टिपनटॉप के पास जनप्रतिनिधियों संग बैठक की। टनकपुर-चम्पावत हाईवे से लगे सूखीढांग क्षेत्र में गुलदार का आतंक बना हुआ है। बीते ढाई माह में एक दर्जन से अधिक यात्रियों पर झपट्टा मारकर गुलदार घायल कर चुका है। गुलदार को ट्रेंकुलाइज करने के लिए हल्द्वानी से वाइल्ड लाइफ फार्मासिस्ट भरत मासीवाल और नैनीताल के डॉ़ हिमांशु पांगती की टीम को बुलाया गया है। ये टीम लगातार गुलदार को ट्रेकुलाइज करने की ताक में है। इधर चम्पावत वन प्रभाग के एसडीओ नेहा चौधरी के नेतृत्व में एनएच से लगे टिपनटॉप के पास स्थानीय ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों संग बैठक की गई। यहां बूम रेंजर गुलजार हुसैन, दोगाड़ी रेंजर रमेश चंद्र जोशी, पुष्कर भट्ट, चतुर सिंह, भूपाल चंद्र पांडेय, रेवाधर जोशी, गिरीश चंद्र जोशी, भरत नेगी, अजय अधिकारी, कु़ प्रियंका आदि रहे।
