सीएम को ज्ञापन भेज की त्यूणी क्षेत्र में सब्जी मंडी खोलने की मांग
विकासनगर
जौनसार बावर की दूरस्थ तहसील त्यूणी में सब्जी मंडी की मांग को लेकर स्थानीय जन प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा है। उन्होंने क्षेत्रीय किसानों और बागवानों के हक में जल्द मांग पर कार्रवाई का अनुरोध किया है। गुरुवार सुबह जनप्रतिनिधियों ने तहसील प्रशासन के माध्यम से जिलाधिकारी के नाम ज्ञापन प्रेषित किया। इसमें उन्होंने जिलाधिकारी को क्षेत्र में सब्जी मंडी न होने से क्षेत्रीय किसानों और बागवानों के सामने आ रही समस्याओं से अवगत कराया। बताया कि क्षेत्र में बहुताय मात्रा में सब्जी और फल का उत्पादन होता है। लेकिन, सब्जी मंडी न होने से किसानों को अपना उत्पादन विकासनगर, देहरादून, सहारनपुर या अन्य मंडियों तक पहुंचाना पड़ता है। इसमें समय के साथ किसानों को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ता है। इन दिनों कोविड-19 संक्रमण से बचाव के मद्देनजर लोग बाहर भी नहीं निकल पा रहे हैं। ऐसे में यदि क्षेत्र में सब्जी मंडी हो, तो किसानों और बागवानों को उसका बेहद लाभ मिलेगा। बताया कि इस सम्बंध में पहले भी क्षेत्रवासी कई बार मांग कर चुके हैं। लेकिन सरकार की अनदेखी के चलते क्षेत्र में सब्जी मंडी नहीं खुल सकी है। उन्होंने मुख्यमंत्री से जल्द मांग पर संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन भेजने वालों में विक्रम सिंह, चमन सिंह, जगवीर सिंह, कुलदीप, सरदार सिंह आदि शामिल रहे।
