22 नवंबर को मोहना से शुरू होगी चालदा महाराज की प्रवास यात्रा

विकासनगर।

मोहना गांव से चालदा महाराज के प्रवास यात्रा की तिथियां विजयदशमी के पर्व पर निर्धारित की गईं। मोना गांव में संपन्न हुई बैठक में ग्रामीणों को प्रवास यात्रा की जिम्मेदारियां सौंपने के साथ ही मंदिरों और यात्रा मार्गों पर हो रहे निर्माण कार्यों की प्रगति पर चर्चा की गई।
चलदा महासू महाराज के वजीर दीवान सिंह ने बताया कि दो वर्ष से चकराता ब्लॉक के मोहना गांव में विराजमान छत्रधारी चालदा महाराज 22 नवंबर को कालसी ब्लॉक के समाल्टा के लिए प्रस्थान कर ठाणा गांव में रात्रि विश्राम करेंगे। 23 नवंबर को को महराज की यात्रा खत समाल्टा पहुंचेगी। 23 नवंबर को विधि विधान से पूजा अर्चना के बाद चालदा महाराज समाल्टा मंदिर में विराजमान होंगे। उन्होंने बताया कि कोविड संक्रमण के चलते महाराज का प्रवास एक वर्ष देरी से हो रहा है। समाल्टा खत के सदर स्याणा अर्जुन सिंह तोमर ने कहा कि 67 वर्ष बाद चालदा महाराज का आगमन समाल्टा में होगा। चालदा महासू मंदिर सेवा समिति समाल्टा के अध्यक्ष सरदार सिंह तोमर ने कहा कि मंदिर निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। पैदल रास्ते और पार्किंग की व्यवस्थाओं का कार्य समय पर पूरा कर दिया जाएगा। इसके लिए सभी संबंधित ग्राम पंचायतों को सूचना दे दी गई है। इस दौरान समिति के सदस्य केशव राज जोशी, श्रीचंद तोमर, केशर सिंह चौहान, विरेंद्र सिंह रावत, सरदार सिंह तोमर, इंदर सिंह चौहान, रोशन सिंह, आनंद सिंह, भगत सिंह, दीवान सिंह आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *