दुकान से 2.11 लाख उड़ाए
हरिद्वार
ज्वालापुर कोतवाली से चंद कदमों की दूरी पर एक दुकान से 2.11 लाख की रकम उड़ा ली गई। घटना उस वक्त घटी जब दुकान मालिक लघुशंका के लिए गए थे। सूचना मिलने पर हरकत में आई पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगालना शुरू कर दी है। पुल जटवाड़ा के पास श्याम सुंदर विरमानी की दुकान है। रोजाना की तरह वह दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान वह लघुशंका के लिए दुकान से बाहर गए थे। वापस लौटने पर देखा कि गल्ले से 2.11 लाख की रकम गायब थी। घटना की सूचना मिलने पर ज्वालापुर पुलिस मौके पर पहुंच गई। सामने आया कि दुकानदार ने किसी को रकम देनी थी। कोतवाली प्रभारी विजय सिंह ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली जा रही है। अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दावा किया कि जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
