मांगों पर कार्यवाही न होने पर गुरिल्लों ने दी आंदोलन की चेतावनी
श्रीनगर गढ़वाल
नौकरी, पेंशन और आश्रितों को सहायता राशि देने की मांग को लेकर एसएसबी स्वयंसेवकों की बैठक की। शुक्रवार को श्रीनगर स्थित बाबा काली कमली धर्मशाला में आयोजित बैठक में स्वयंसेवकों ने कहा कि सरकार लगातार एसएसबी स्वयंसेवकों की मांग पर आश्वासन देकर गुमराह करने का काम कर रही है।जिससे गुरिल्लों में आक्रोश व्याप्त है। पौड़ी जिलाध्यक्ष मान सिंह नेगी, खिर्सू ब्लॉक अध्यक्ष कुशाल सिंह पंवार, महासचिव अनिल प्रसाद भट्ट ने कहा कि हाल ही में 17 दिसंबर को मुख्यमंत्री और सचिवों ने गुरिल्लों की मांगों पर सरकार के साथ वार्ता का आश्वासन संगठन को दिया गया है,जिसका संगठन समर्थन करता है। कहा कि 17 दिसंबर को होने वाली वार्ता में यदि मांगों को लेकर किसी भी प्रकार का निर्णय नहीं लिया जाता है तो गुरिल्ला देहरादून में एक उग्र आंदोलन के लिए मजबूर होंगे। कहा कि एसएसबी स्वयंसेवक 17 वर्षों का लंबा शांतिपूर्वक आंदोलन कर रहे हैं,बावजूद भी केंद्र सरकार स्वयंसेवक के साथ अन्याय कर रही है। बैठक में मोहन सिंह, रमेश सिंह, दिनेश सिंह, केवल राम, लक्ष्मी देवी, गीता देवी, सुनीता देवी, महेश्वरी देवी सहित आदि मौजूद थे।
